logo

बीजेपी छोड़ RJD में शामिल हुए गिरिनाथ सिंह, चतरा से हो सकते हैं उम्मीदवार  

girinath_singh_2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बीजेपी का दामन छोड़कर गिरिनाथ सिंह ने घर वापसी कर ली है। पटना स्थित राजद कार्यालय में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने उनका पार्टी में स्वागत किया। माना जा रहा है कि चतरा संसदीय सीट से पार्टी उन्हें अपना उम्मीदवार बना सकती है। चर्चा है कि गिरिनाथ सिंह ने भी इसी उम्मीद के साथ राजद में वापसी की है। गौरतलब है कि 30 मार्च को गिरिनाथ सिंह ने लालू यादव से राबड़ी आवास पर मुलाकात की थी। इसके बाद से चर्चा थी कि वो आरजेडी में वापसी करेंगे। 


झारखंड प्रदेश अध्यक्ष ने जाहिर की खुशी
आरजेडी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय यादव ने गिरिनाथ सिंह की पार्टी में वापसी करने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने उनका पार्टी में गर्मजोशी स्वागत किया है। संजय यादव ने कहा कि गिरिनाथ सिंह की वापसी से पार्टी को मजबूती मिलेगी। गौरतलब है कि ऐसी चर्चा थी कि गिरिनाथ सिंह चतरा लोकसभा सीट से BJP उम्मीदवार होंगे लेकिन बीजेपी ने उनकी जगह कालीचरण सिंह को उम्मीदवार बनाया। जिसके बाद से ही गिरिनाथ सिंह बगावत के मूड में नजर आ रहे थे। 


राजद के अध्यक्ष रह चुके हैं गिरिनाथ सिंह

एक वक्त में लालू यादव के बेहद करीब माने जाने वाले गिरिनाथ सिंह झारखंड में राजद के अध्यक्ष रह चुके हैं। लंबे समय तक राजद को उन्होंने झारखंड में सींचा है। बीजेपी में जाने के बावजूद लालू से गिरिनाथ का संबंध मधुर रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

Tags - BiharBihar newsBihar politicsRJDloksabha electionJharkhandJharkhand news