पूर्णिया
बिहार के पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड स्थित मजगामा उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधान शिक्षक सूर्य नंदन सिंह को शराब के नशे में स्कूल आने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि वे मंगलवार को स्कूल पहुंचे तो नशे में धुत थे और विद्यालय परिसर में हंगामा करने लगे। प्रधान शिक्षक की इस हरकत से परेशान ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को दी। जब दोनों अधिकारी विद्यालय पहुंचे तो प्रधान शिक्षक की स्थिति देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रधान शिक्षक को हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि की।

ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ का कहना है कि प्रधान शिक्षक सूर्य नंदन सिंह पहले भी कई बार शराब पीकर स्कूल आते थे, जिससे विद्यालय का माहौल खराब हो रहा था और बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा था। हालांकि, इस बार जब मामला अधिकारियों तक पहुंचा, तो तत्काल कार्रवाई हुई। पुलिस द्वारा शिक्षक को गिरफ्तार किए जाने के बाद अब शिक्षा विभाग भी उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही उन्हें निलंबित किया जा सकता है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, ऐसे में सरकारी शिक्षक का इस तरह नशे में स्कूल आना गंभीर अपराध माना जा रहा है।
.jpeg)