किशनगंज:
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) दो दिनों के लिए सीमांचल दौरे पर हैं। गृह मंत्री आज किशनगंज में बूढ़ी काली मंदिर (Budhi Kali Temple in Kishanganj) में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद नेपाल बॉर्डर (Nepal Border) पर स्थित SSB कैंप में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। शाह के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर के आसपास की दुकानों को बंद कराया गया है। अमित शाह को देखने के लिए लोग अपनी छत पर खड़े हैं। अमित शाह बूढ़ी काली मंदिर में पूजा करने वाले पहले गृहमंत्री हैं।

सीमा सुरक्षा पर समीक्षा बैठक करेंगे गृह मंत्री
अमित शाह BSF कैम्पस में BSF, SSB और ITBP महानिदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा पर समीक्षा बैठक करेंगे। 10.35 बजे अमित शाह बॉर्डर पर SSB कैंप पहुंचेंगे। 10.35 से 1.00 बजे से SSB कैपों में बीओपी फतेहपुर का दौरा और फतेहपुर, पेकटोला, बेरिया, आमगाछी और रानीगंज बीओपी भवनों का उद्घाटन करेंगे। साढ़े 3 बजे से शाम 5 बजे तक वो आजादी के अमृत महोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद 5.50 पर विशेष विमान से चूनापूर हवाई अड्डा से दिल्ली के लिए निकलेंगे।

ट्रैफिक रूट में बदलाव
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर किशनगंज जिला प्रशासन ने आज दो रास्तों पर ट्रैफिक रूट प्रतिबंधित किया है। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रंजीत कुमार ने पत्र जारी कर बताया कि शनिवार सुबह 5:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक एमजीएम हॉस्पिटल से बस स्टैंड होते हुए खगड़ा एयरवेस तक और सुबह 5:00 बजे से सुबह 11:00 बजे तक एसपी ऑफिस से डुमरिया पुली डे मार्केट होते हुए बूढ़ी काली मंदिर तक का मार्ग प्रतिबंधित रहेगा। डीएम श्रीकांत शास्त्री ने आमजनों से अपील की कि जिला प्रशासन के प्रतिबंधित रास्तों का उपयोग उक्त समय पर नहीं करें।