logo

LPG सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग, 60 आशियान स्वाहा; लाखों का नुकसान

FIRE5.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार के बगहा में सोमवार देर रात एलपीजी सिलेंडर में ब्लास्ट होने से 60 घरों में आग लग गई। बताया जा रहा है कि बगहा के बथवरिया गांव स्थित शेरा टोला में देर रात एक मकान में गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट की वजह से घर में आग लगी जिसने धीरे-धीरे आसपास के बाकी घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आगलगी की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि संपत्ति का नुकसान हुआ है। 

खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर ब्लास्ट
स्थानीय लोगों ने बताया कि खाना बनाते समय आग लग गयी और एलपीजी गैस सिलेंडर फटने से कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने के बाद जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया, तब तक दर्जनों घर आग की चपेट में आ चुके थे। करीब 60 घर जलकर खाक हो गये। आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में पीड़ितों को लाखों का नुकसान हुआ है। घर मे रखा अनाज, कपड़ा, पैसा, महत्वपूर्ण  कागजात सब कुछ जलकर राख हो गया।


सरकार-प्रशासन से मदद की गुहार
पीड़ित परिवारों को सरकार और प्रशासन से मदद का इंतजार है। बगहा एसडीएम डॉक्टर अनुपमा सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद से प्रशासन की ओर से राहत बचाव कार्य शुरू किया गया है। पीड़ितों के लिए खाने और रहने की व्यवस्था कराई जा रही है। वहीं मुआवजे को लेकर भी जांच-पड़ताल की जा रही है।

Tags - BIHARBIHAR LOCAL NEWSLPGCYLINDER BLAST