logo

बीच सड़क सिरफिरे आशिक ने भरी मांग, लड़की ने ऐसे सिखाया सबक

a781.jpeg

द फॉलोअप डेस्क:

एकतरफा प्यार में पागल सिरफिरे आशिक ने सरेराह लड़की की मांग भर दी। इस हरकत से नाराज लड़की ने लड़के की जमकर पिटाई कर दी। कुछ देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, स्थानीय लोगों की सूचना पर जल्द ही वहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। युवक ने पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि वह लड़की से बहुत प्यार करता है और उसी से शादी करना चाहता है। आरोपी युवक का नाम वीरू है।

 

बिहार के जमुई की है घटना
यह पूरा मामला बिहार के जमुई का है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक लड़की कोचिंग से लौट रही थी तभी बस स्टैंड के पास वीरू सिंह ने उसकी मांग में जबरन सिंदूर डाल दिया। इस हरकत से अचंभित और नाराज लड़की ने वहीं खरी-खोटी सुनाते हुए लड़के की पिटाई शुरू कर दी। तुरंत ही वहां भीड़ जमा हो गई और पूरा माजरा समझने के बाद भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने भी युवक की पिटाई कर दी। तभी वहां पुलिस पहुंची और युवक को हिरासत में लिया।

 

लड़की से एकतरफा प्यार करता था वीरू
पुलिस ने बताया कि शहर के उझंडी मोहल्ले में रहने वाले वीरू की बहन की शादी लड़की के पड़ोस में हुई है। इसी दौरान वीरू का कई बार लड़की के घर पर आना-जाना हुआ। वह मन ही मन लड़की को पसंद करने लगा। उसने लड़की के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद एकतरफा प्यार में पागल आशिक ने लड़की की मांग में सरेराह सिंदूर डाल दिया।