द फॉलोअप डेस्क
सावन के इस पावन महीने में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बाबा धाम में देखी जा रही है। लेकिन इस बीच कुछ बेहद ही दर्दनाक घटनाएं हो जा रही है। दरअसल पटना के मोकामा क्षेत्र में बीते शनिवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कांवरियों से भरी एक पिकअप को तेज रफ़्तार से आ रही हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना NH-31 फॉरलेन पर हुई है। जहां हाइवा के टक्कर से पिकअप पलट गई। उसके बाद लोगों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। 
इस हादसे में 2 कांवरियों, 45 वर्षीय रेखा देवी और 60 वर्षीय हरेन्द्र राजभर की मौत हो गई। वहीं 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गये जिनका इलाज चल रहा है। बता दें कि मृतक और घायल उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के तेतारपुर गांव निवासी थे और सभी बलिया से देवघर जा रहे थे। 
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि पिकअप में कुल 26 लोग कांवरिया सवार थे। और वे सावन के इस पावन महीने में गंगाजल लेकर देवघर जा रहे थे। तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में रेखा देवी की मौके पर ही मौत हो गई और हरेन्द्र राजभर की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हो गई। सभी घायलों को मोकामा रेफरल अस्पताल भेज दिया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद पटना के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। जिसके बाद हाइवा की तलाश की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। 