द फॉलोअप डेस्क
बिहार में होली का रंग और उमंग इस बार कुछ खास नजर आ रहा है। लेकिन इस रंगीन त्योहार के बीच एक विवाद ने तूल पकड़ लिया है। बता दें कि प्रशासन की ओर से अश्लील गानों और हुड़दंगी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। लेकिन राज्य के भागलपुर जिले के भगवानपुर से JDU विधायक गोपाल मंडल ने इसका पूरी तरह से उल्लंघन किया। इसके बाद अब उनपर केस दर्ज हो गया है।
अश्लील गाने पर थिरकते दिखे विधायक
जानकारी हो कि 10 मार्च को नवगछिया में आयोजित होली मिलन समारोह में विधायक गोपाल मंडल ने मंच पर जमकर अश्लील गाने गाए और उन पर थिरकते हुए नजर आए। इस दौरान उन्होंने एक गाने "पानी में...भौजी..." पर अपनी परफॉर्मेंस दी, जो इतना विवादास्पद था कि महिला कलाकारों को शर्म से अपना मुंह छिपाना पड़ा। इस गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया।
विधायक पर FIR दर्ज
मिली जानकारी के अनुसार, भागलपुर के एसपी के निर्देश पर विधायक गोपाल मंडल के खिलाफ सहित कुछ अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। पुलिस ने आरोप लगाया है कि विधायक ने समारोह के दौरान महिलाओं की लज्जा का अनादर करते हुए अश्लील तथा द्विअर्थी गीत गाया।
पहले भी रहा है विवादों से नाता
मालूम हो कि इससे पहले भी गोपाल मंडल अपने विवादित बयानों और हरकतों के लिए चर्चा में रहे हैं। हाल ही में उनका एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक महिला कलाकार के साथ मंच पर डांस करते हुए नोट उनकी गाल पर चिपका रहे थे। इस पर विधायक ने कहा था कि लोग चाहे जितना वायरल करें, वह अपनी हरकतों से रुकने वाले नहीं हैं, क्योंकि उनका कहना था कि वे "डेली डांस करते हैं और डेली चुम्मा भी लेते हैं।"