logo

दुकान में घुसकर लूटे 12 लाख के गहने, दिनदहाड़े फायरिंग भी की; इलाके के 50 CCTV खंगाल रही पुलिस

SONA1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

 बिहार के सीवान जिले के भगवानपुर थाना इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े नकाबपोश अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान में घुसकर लूटपाट और हिंसा की वारदात को अंजाम दिया। घटना भगवानपुर गांव में स्थित एक आभूषण दुकान पर हुई, जो सड़क किनारे एक घर में चल रही थी। इस घटना से बाजार में आभूषण विक्रेताओं में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, तीन बाइक पर सवार नकाबपोश अपराधी हथियारों से लैस होकर दुकान में पहुंचे और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। एक अपराधी ने दुकानदार अच्छेलाल साह के माथे पर पिस्टल तान दी और दुकान में बैठे जुनेदपुर गांव के अमित कुमार के साथ मारपीट की। अपराधियों ने दुकान में रखे गहनों को अपने साथ लाए प्लास्टिक के बोरे में भरने का प्रयास किया, लेकिन बोरे का वजन अधिक होने के कारण और दुकानदार द्वारा ईंट-पत्थर चलाने पर अपराधी बोरा छोड़कर भाग खड़े हुए। इस दौरान अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की और सोंधानी की दिशा में फरार हो गए।
हालांकि, अनुमान के अनुसार अपराधी लगभग एक सौ से दो सौ ग्राम सोने के आभूषण अपने साथ ले जाने में सफल रहे हैं। इस घटना से घबराए दुकानदार अच्छेलाल साह अभी किसी भी जानकारी को देने की स्थिति में नहीं हैं।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी, एसआई अनिरुद्ध कुमार, सत्यनारायण मंडल और पीएसआई छपित कुमार चौबे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू किया। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए प्रयासरत है और जल्द ही उनकी धरपकड़ करने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा, एफएसएल की टीम को मामले की जांच के लिए सूचना दी गई है। अपराधियों द्वारा मारपीट किए जाने से घायल युवक के मोबाइल को पुलिस ने जब्त कर लिया और उसका इलाज कराने के लिए साथ ले गई।
 

Tags - BIHARBIHARPOSTCRIMENEWSCRIMEPOSTGOLDTHIEF