द फॉलोअप डेस्क
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, और चुनाव से पहले राजनेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भागलपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने मखाना बोर्ड बनाए जाने का ऐलान किया और यह भी कहा कि वह साल में 300 दिन मखाना खाते हैं। पीएम मोदी के इस बयान पर अब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तंज कसा है।.jpeg)
लालू यादव ने प्रधानमंत्री के मखाना बयान पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया, "अबकी बार तो हमारे सवालों पर PM ने साल में 300 दिन ही मखाना खाने की बात कही है। अगली बार 350 दिन 'बिहारी भुंजा' खाएंगे। 100 दिन भागलपुरी सिल्क पहनेंगे, गंगा मैया में डुबकी लगायेंगे, जानकी मैया के मंदिर जाएंगे, बिहार से बचपन का रिश्ता स्थापित करेंगे, मधुबनी पेंटिंग्स का गमछा या कुर्ता पहनेंगे, भोजपुरी, मगही, अंगिका, बज्जिका, सुरजापुरी और मैथिली भाषा की 2-4 उधारी लाइनों से संबोधन की शुरुआत करेंगे, जननायक कर्पूरी ठाकुर जी, लोकनायक जयप्रकाश जी और अन्य महापुरुषों से संबंध बतायेंगे।"
यह बयान लालू यादव ने अपने आधिकारिक एक्स (Twitter) हैंडल पर दिया, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी के बिहार दौरे पर की गई बातों का मजाक उड़ाया।
पीएम मोदी का मखाना पर बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे के दौरान भागलपुर जिले से देशभर के किसानों के लिए पीएम किसान निधि की 19वीं किस्त जारी की थी। इस मौके पर पीएम मोदी ने मखाना का भी उल्लेख किया था और कहा, "आपका मखाना आज देश ही नहीं, पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। मैं 365 दिन में से 300 दिन मखाना खाता हूं।"
उन्होंने यह भी कहा कि बीते वर्षों में सरकार के प्रयासों से भारत का कृषि निर्यात बहुत बढ़ा है और किसानों को उनकी उपज का अच्छा मूल्य मिल रहा है। साथ ही, पीएम मोदी ने यह भी घोषणा की कि इस वर्ष के बजट में मखाना किसानों के लिए मखाना बोर्ड बनाने का प्रस्ताव है। इस विवादित बयान के बाद राजद और भाजपा के बीच राजनीतिक वार और तीव्र हो गए हैं। बिहार में चुनावी माहौल में इस जुबानी जंग को और भी दिलचस्प बना दिया है।