पटना:
राजद सुप्रीमो लालू यादव (Lalu Yadav) ने CBI कोर्ट से पासपोर्ट रिलीज करने की अनुमति मांगी है।CBI कोर्ट में लालू प्रसाद के अधिवक्ता प्रभात कुमार ने आवेदन दाखिल करते हुए दो महीने के लिए पासपोर्ट रिलीज करने का आग्रह किया है। अधिवक्ता प्रभात कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि इस आवेदन पर सीबीआई की ओर से पक्ष रखा जाएगा उसके बाद न्यायालय अपना फैसला सुनाएगा। कहा जा रहा है कि लालू यादव 20 सितंबर तक सिंगापुर रवाना होंगे।

14 जून को रांची CBI की विशेष अदालत ने पासपोर्ट रिलीज करने का दिया था आदेश
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव किडनी की गंभीर बीमारी से भी जूझ रहे हैं। लालू प्रसाद यादव किडनी का उपचार कराने के लिए सिंगापुर जाने की तैयारी में हैं। मिली जानकारी के अनुसार 24 सितंबर को सिंगापुर के एक अस्पताल में उन्होंने अपने इलाज के लिए अपॉइंटमेंट लिया है। लेकिन कानूनी अड़चनों के कारण वह बिना कोर्ट की इजाजत के विदेश नहीं जा सकते। बता दें कि सीबीआई कोर्ट के इस आदेश के बाद लालू प्रसाद यादव के पासपोर्ट का नवीनीकरण कराने का रास्ता साफ हो गया था। जिसके बाद 14 जून को रांची CBI की विशेष अदालत ने लालू प्रसाद यादव का पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश दिया था। लालू यादव के अधिवक्ता अनंत कुमार विज ने CBI कोर्ट के स्पेशल जज दिनेश राय की कोर्ट में पासपोर्ट जमा कर दिया है।

इन बिमारियों से जूझ रहे हैं लालू
लालू कई बीमारियों से जूझ रहे हैं, जिनमें सबसे बड़ी परेशानी उन्हें हुई टाइप-2 डायबिटीज और ब्लड प्रेशर हैं। उनका इलाज करने वाले दोनों सीनियर डॉक्टरों के अनुसार, लालू प्रसाद 15 बीमारियों से पीड़ित हैं। इनमें सबसे बड़ी चिंता उनकी अनियंत्रित डायबिटीज है, जो पूरी तरह इन्सुलिन पर निर्भर है। उन्हें किडनी की भी परेशानी है।