logo

लालू के लाल तेजप्रताप ने महुआ से निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया ऐलान, कहा- मेरे विरोधियों को इससे परेशानी होगी

teju_bhaiya_mahua.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार में राजनीतिक बाजार काफी गरमाया हुआ है। सभी पार्टियां खुद को मजबूत करने में जुटी हुई हैं। इस बार के चुनाव में महागठबंधन और एनडीए के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। इस सियासी तनातनी में परिवार और RJD पार्टी से निष्कासित पूर्व मंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
शनिवार, 26 जुलाई को अपने सरकारी आवास पर पत्रकारों से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने बताया कि उन्होंने ‘टीम तेज प्रताप यादव’ नाम से एक ओपन प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक सामाजिक मंच है, जिसका मकसद सभी वर्गों, खासकर युवाओं को एकजुट करना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। तेज प्रताप ने कहा, "हमारा दरवाजा सभी के लिए खुला है।" चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने साफ कहा, "हां, इस बार मैं महुआ विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ूंगा। मेरे विरोधियों को इससे जरूर परेशानी होगी, लेकिन मुझे जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। बड़ी तादाद में लोग सोशल मीडिया पर ‘टीम तेज प्रताप यादव’ से जुड़ रहे हैं।"
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने पहले भी स्पष्ट संकेत दिया था कि यदि उन्हें राजद की ओर से टिकट नहीं मिला, तो वे महुआ सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने दोटूक कहा था कि "हमने महुआ की सेवा की है, इसलिए चुनाव भी वहीं से लड़ेंगे।" महुआ को लेकर अपने गहरे जुड़ाव का ज़िक्र करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि "महुआ हमारी कर्मभूमि है, हम इसे जिला बनाएंगे। वहां की जनता का कहना है कि अगर पार्टी ने किसी और को टिकट दिया, तो वे उसे हर हाल में हरा देंगे।"


 

Tags - Tej Pratap yadav From Mahua Tej pratap yadav will Fight from mahua Tej Pratap announced to contest as an independent candidate from Mahua tej pratap yadav team tej Pratap yadav tej pratap yadav news tej Pratap Yadav updates latest tej Pratap yadav