logo

पटना : शादी समारोह बना हिंसक मैदान, जमीन विवाद में 2 भाइयों की गोली मारकर हत्या; रिसेप्शन में मची भगदड़

firing_crime.jpg

पटना
बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर सनसनीखेज वारदात से दहल गई। गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान दो भाइयों की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। जमीन विवाद में चली करीब 26-27 राउंड गोलियों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
मृतकों की पहचान मंजीत कुमार और मनीष कुमार के रूप में हुई है। घटना उस वक्त हुई जब गांव में दौलत राय के बेटे का रिसेप्शन चल रहा था और मेहमान जश्न में शामिल थे।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समारोह के दौरान अचानक हमलावर पहुंचे और दोनों भाइयों को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल मंजीत और मनीष को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पटना पूर्वी के सिटी एसपी Parichay Kumar ने बताया कि शाहपुर गांव में रिसेप्शन के दौरान दो भाइयों को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
जमीन विवाद ने ली जान
परिवार के सदस्य रजनीश कुमार के अनुसार, उनके परिवार का चचेरे भाई कृष्णा राय के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार का दावा है कि वे इस मामले में दो बार कोर्ट से फैसला अपने पक्ष में जीत चुके थे। आशंका जताई जा रही है कि हालिया कानूनी हार के बाद बदले की नीयत से इस हमले को अंजाम दिया गया।


पुलिस की छापेमारी जारी
घटना के बाद शाहपुर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटनास्थल से बड़ी संख्या में खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और रिसेप्शन में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

Tags - Bihar Crime News Patna Shooting Incident Two Brothers Murdered 27 Rounds Firing Case Shahpur Village Tension