logo

लॉज में आग लगने से लाखों का नुकसान, छात्रों के सर्टिफिकेट जलकर राख

DHUWAN.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार के पूर्णिया जिले में लॉ कालेज रोड स्थित मंडल प्राइवेट लॉज में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग में लगभग दो लाख रुपये से ज्यादा कैश के साथ लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग शार्ट-सर्किट के कारण लगी थी। इस घटना में आधा दर्जन गैस सिलिंडर भी ब्लास्ट हो गए, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। यह घटना सुबह 9:30 बजे के आसपास हुई।
सूचना मिलने पर पच्चीस मिनट बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लॉज में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आकर छात्रों के सर्टिफिकेट, किताबें, कपड़े और अन्य सामान पूरी तरह से जल गए। लॉज में कुल 35 कमरे थे, जिनमें से एक कमरे में कोचिंग चल रही थी और बाकी के कमरे में छात्र रहते थे। एक कमरे में व्यवसायी और एक कमरे में प्राइवेट नौकरी करने वाला व्यक्ति भी रहता था। छात्र जानकीनगर, भवानीपुर, धमदाहा, अररिया और कुरसेला जैसे विभिन्न स्थानों से जुड़े हुए थे। लॉज के मालिक बाहर रहते हैं और लॉज की देखरेख छात्र छोटू कुमार करता है।
बताया जाता है कि इग्नू से पीजी कर रहे छात्र मुकेश कुमार के कमरे में विद्युत मीटर लगा था, जहां से स्पार्क हुआ और आग लग गई। उस समय छात्र क्लास में था और आग लगने के दौरान कमरे में नहीं था।
आग लगते ही गैस सिलिंडर ब्लास्ट करने लगे, जिससे लॉज में रह रहे छात्र जान बचाकर भागे। सिलिंडर के ब्लास्ट और लॉज में रखी बाइक में आग लगने से लपटें तेज हो गईं और देखते ही देखते 20 से 25 मिनट में छात्रों का कैश, कपड़े, सामान और दस्तावेज पूरी तरह से जल गए। छात्रों के शरीर पर पहने हुए कपड़े ही बच पाए।
इस हादसे में सबसे अधिक नुकसान व्यवसायी भरत कुमार को हुआ, जिनका 44 हजार रुपये कैश, बाइक और अन्य सामान आग में जल गए। वहीं, भवानीपुर डुमरा के पवन कुमार ने बताया कि वह बीएड में दाखिले के लिए घर से 20 हजार रुपये लाया था, जो इस आग में जलकर राख हो गया। कंसल्टेंसी का काम करने वाले गुड्डू कुमार का भी 44 हजार रुपये कैश आग की भेंट चढ़ गया। इसके अलावा, लॉज में पांच से दस हजार रुपये कैश, दर्जन भर से ज्यादा साइकिल, 30 गैस सिलिंडर, एक बाइक, खाने-पीने का सामान, बिस्तर, कपड़े और अन्य सामान भी आग के कारण नष्ट हो गए। पूर्णिया सदर के सीओ ने घटना स्थल पर पहुंचकर छात्रों का हाल लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
 

Tags - BIHARBIHARPOSTSTUDENTFIREPRIVATELOUDGECRIMEPOST