logo

मधुबनी में DM आनंद शर्मा का महिला ने पकड़ा कॉलर, ASI की फायरिंग के बाद भड़का गुस्सा

मधुबनी में DM आनंद शर्मा का महिला ने पकड़ा कॉलर, ASI की फायरिंग के बाद भड़का गुस्सा

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) के मधुबनी (Madhubani) जिले में पुलिस फायरिंग के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। बाबूबरही थाना (Babubarhi Police) क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव (Balirajgarh Village) में पुलिस पिकेट पर तैनात ASI चंद्रमोहन सिंह (Chandramohan Singh) पर गोलीबारी (Firing) करने का आरोप है। इस घटना में 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने खोजपुर इलाके में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोग आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे DM का पकड़ा कॉलर

मंगलवार को स्थिति का जायजा लेने और ग्रामीणों को समझाने के लिए मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और पीड़ित परिवार से बातचीत की। इसी दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया। सामने आए वीडियो में कुछ महिलाएं डीएम के साथ तीखी बहस करती नजर आ रही हैं। एक महिला ने आनंद शर्मा का कॉलर पकड़ लिया, जबकि दूसरी महिला के हाथ में चप्पल दिखाई दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर डीएम को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।

आरोपी ASI फरार, गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित

इधर, घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं। फरार पुलिसकर्मी की सूचना देने वाले के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। एसएसपी योगेंद्र कुमार के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं, जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Madhubani DM Anand Sharma Madhubani DM Collar Incident