logo

मिशन 2024 :  कल होगी विपक्षी एकता की बैठक, ममता-केजरीवाल आज पहुंचेंगे पटना

mamta,nitish,kejriwal.jpg

द फॉलोअप डेस्क
2024 लोकसभा चुनाव के लेकर भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों के नेताओं को एकजुट करने में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगे हैं। 23 जून को बिहार की राजधानी पटना में विपक्षी दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक पर सभी सियासी पार्टियों की नजर बनी हुई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार द्वारा बुलाई गई बैठक में 18 दलों की विपक्षी एकता के भाग लेने की उम्मीद है।  बताया जाता है कि इस बैठक में बीजेपी को सत्ता से मुक्त करने को लेकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। 


चुनावी रणनीतियों सहित अन्य मुद्दों पर होगी चर्चा
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में जुटने वाले राजनीतिक दिग्गज आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे। इसके लिए सबसे पहले आपसी समन्वय के लिए कन्वेनर चुने जायेंगे। साथ ही राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय चुनावी रणनीतियों पर भी चर्चा होगी। कई राजनीतिक दल एक दूसरे के विरोध में चुनाव लड़ते रहे हैं, ऐसे में सभी की राय से एक साझा कार्यक्रम तय करने की कोशिश होगी। साथ ही चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद सरकार बनाने की संभावनाओं में राजनीतिक दलों भूमिका की भी चर्चा होगी।
महबूबा मुफ्ती पहुंचीं पटना
जानकारी के अनुसार इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं का आगमन आज से ही शुरू हो रहा है। आज शाम तक कई राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री पटना आ जाएंगे। इनमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का नाम शामिल हैं। जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पटना पहुंच गई हैं। एयरपोर्ट पर मंत्री शीला मंडल ने रिसीव किया। उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से महबूबा मुफ्ती सीधे राजकीय अतिथिशाला जाएंगी। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ कांग्रेसी राहुल गांधी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, एनसीपी के मुखिया शरद पवार, नेशनल कांफ्रेंस के प्रधान फारूख अब्दुल्ला, शिव सेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे, उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी आदि 23 जून को आएंगे। 


अतिथियों के बेहतरीन सत्कार की तैयारी
इस बैठक को लेकर जदयू व राजद के नेता, मेजबान की भूमिका में होंगे। वहीं नेताओं के आगमन को लेकर सारी तैयारियां कर ली गई है। बैठक को लेकर सभी पहलूओं की बारिकी से जायजा लिया जा रहा है। अतिथियों के लिए बेहतरीन सत्कार में किसी प्रकार की कमी न हो, इसका खास घ्यान रखा जा रहा है। वहीं खान-पान को लेकर भी खास तैयारियां की जा रही है। जानकारी के अनुसार मौसम को घ्यान में रखते हुई अतिथियों के भोजन का इंतजाम किया गया है। इसके साथ ही बिहार के विशेष व्यंजन जैसे लिट्टी-चोखा,मखाना खीर, जर्दालु आम भी परोसे जाएंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : 
https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N