logo

बिहार में भीषण गर्मी से 35 से ज्यादा स्टूडेंट बेहोश, मची अफरा-तफरी; लगे के के पाठक मुर्दाबाद के नारे

student_behos.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। प्रदेश के 9 जिलो का तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है। कई राज्यों के स्कूलों में गर्मी की छुट्टी हो चुकी है। लेकिन बिहार में अब भी पढ़ाई चल रही है। ऐसे में गर्मी की वजह से बेगूसराय, शेखपुरा, सीवान और भागलपुर में 35 से ज्यादा स्टूडेंट स्कूल में बेहोश हो गए। इन्हें इलाज के लिए आनन-फानन में अस्पताल लाया गया।


बेगूसराय में 20 छात्राएं हुई बेहोश
बेगूसराय के मटिहानी प्रखंड क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय मटिहानी में बुधवार को गर्मी के कारण 20 से अधिक छात्र-छात्राएं बेहोश हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए मटिहानी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 छात्र और 18 छात्राएं शामिल हैं। ये सभी क्लास पांच से आठवीं तक के स्टूडेंट हैं। वहीं जिले के बलिया स्थित विवेकानंद पब्लिक स्कूल के 5 बच्चे गर्मी से बेहोश हो गए। सभी को बलिया के डॉ. अमोद कुमार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय अमरपुर में भी एक छात्रा बेहोश हो गई।बता दें कि बेगूसराय में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार है।


शेखपुरा में नहीं मिली एंबुलेंस की सुविधा 
शेखपुरा में भीषण गर्मी से 16 छात्राएं बेहोश हो गई। दरअसल, शेखपुरा जिले में भीषण गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गर्मी के कारण 16 छात्र -छात्राएं बेहोश हो गए। उसके बाद बेहोशी की हालत में छह छात्राओं को बाइक और टोटो से सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया। दो छात्राओं को निजी अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान बेहोश बच्चों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा भी मुहैया नहीं हो सकी। इस घटनाक्रम से आक्रोशित ग्रामीणों ने शेखपुरा–ससबहना सड़क मार्ग को जाम कर दिया। वहीं सीवान और मोतिहारी में भी दो स्कूली बच्चों बेहोश हुए हैं।


के के पाठक मुर्दाबाद के लगे नारे
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने शिक्षा सचिव के के पाठक और सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इसके साथ ही अभिभावक एवं बच्चों ने कल यानी गुरुवार से स्कूल का बहिष्कार करने का नारा दिया है। मध्य विद्यालय मनकौल में हुई इस घटना के बाद पूरे जिले के छात्रों अभिवावको और शिक्षकों में खलबली मच गई है। इस घटनाक्रम के बाद कई गांव के लोगों ने भीषण गर्मी के बीच स्कूल संचालक का विरोध करना शुरू कर दिया है।  इसके साथ ही इस भीषण गर्मी में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव से ग्रीष्म अवकाश देने की मांग की है। 

Tags - BiharBihar newsheat wavesevere heat in biharKK pathak