मुजफ्फरपुर:
बिहार के मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) से एक नेवी जवान (Navy Jawan) की पत्नी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका का नाम वंदना है। उसकी लाश सोमवार को सुसराल के कमरे में पंखे से झूलती मिली थी। छानबीन के दौरान पुलिस (Bihar Police) को कमरे से 4 पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें कई हैरान करने वाले खुलासे है। इसमें मृतका ने लिखा है कि मैं आपसे (पति) माफी मांग-मांगकर अपनी ही नजरों में गिर गई हूं। आप लोग बहुत अच्छे हैं। मैं ही आप लोगों के साथ रहने लायक नहीं हूं। भगवान आप लोगों को हमेशा खुश रखें। इस नोट को देखने के बाद पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मायके वालों ने ससुरालवालों पर लगाया आरोप
मामला सोमवार का है। पड़ाव पोखर की न्यू कॉलोनी शंकरपुरी लेन में वंदना का शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला था। वंदना पेशे से टीचर थी। उसकी मौत के बाद लड़की के परिवारवालों ने ससुरालवालों पर मौत का आरोप लगाया था। मायके वालों का कहना था कि ससुराल वाले 20 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे। नहीं दिए तो हत्या कर शव पंखे से लटका दिया। इसे लेकर वंदना के परिवार ने थाने में केस भी दर्ज कराया है। पुलिस ने वंदना के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। वंदना के पति दिवाकर मिश्र नेवी में जवान हैं।
बार-बार आपसे बिना कोई कारण के माफी मांगते मांगते अपनी ही नजरों में गिरती जा रही हूं
इसी बीच छानबीन के दौरान पुलिस के हाथ 4 पन्नों का सुसाइड नोट लगा है। जिसमें लिखा है, मेरे पतिदेव,मेरे ससुर जी, सासू मां,मेरी ननंद सभी लोग बहुत अच्छे हैं। अच्छे नहीं 4 लोग महान हैं। इस परिवार में पांचवा कोई भी नहीं आ सकता है जब दामाद नहीं रह पाया तो बहू तो वैसे भी कहां किसी की अच्छी होती है। पतिदेव से सिर्फ इतना कहना चाहूंगी कि आपने मुझे बिल्कुल भी नहीं समझा। मैं आपसे बहुत बहुत प्यार करती थी। आपके अलावा मैं किसी के बारे में सोच भी नहीं सकती हूं। मैं आपके साथ जीना चाहती हूं। लेकिन बार-बार आपसे बिना कोई कारण के माफी मांगते मांगते अपनी ही नजरों में गिरती जा रही हूं।

आपने बनाए रूल्स के साथ खुश रहिए
वंदना ने आगे लिखा कि अब मेरे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है क्योंकि आपके बिना मैं नहीं जी सकती। मुझे पता है कि आप भी यही सोचते हैं कि मैं आपके जीवन से चली जाऊं। खुश रहिए आप चार लोग। भगवान आपको खूब तरक्की दे। आपने बनाए रूल्स के साथ खुश रहिए। मेरे जाने के बाद आपके मन अनुसार कोई मिल जाए तो अपने परिवार में पांचवें को एंट्री दे दीजिएगा। अंत में लिखा है कि मेरे ससुराल के लोग बहुत अच्छे हैं मैं ही उनके लायक नहीं हूं। मेरी अंतिम इच्छा है कि कृपया करके उन्हें किसी भी तरीके से परेशान नहीं किया जाए।

साल 2020 में हुई थी शादी
बता दें कि वंदना की शादी 2020 में हुई थी। मृतका के भाई सुमन ने पुलिस को लिखित शिकायत की है कि ससुराल वाले 20 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। रुपए नहीं मिलने पर प्रताड़ित करते थे। इसी बीच वंदना शिक्षिका बन गई थी। उसके नौकरी का भी विरोध ससुराल वाले करने लगे थे। इस दौरान मनमुटाव भी हुआ। इसे किसी तरह सुलझाया गया था।