नवादा/बिहार
नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से 14 वर्षीय सनी कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पन्नालाल राजवंशी का पुत्र था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अस्पताल में ली अंतिम सांस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सनी कुमार बाजार से कुछ सामान लाने गया था। घर लौटते समय सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार से ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद सनी गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास में मौजूद लोगों ने तत्परता के साथ मौके पर पहुंच कर उसे तुरंत नरहट अस्पताल लाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, ट्रैक्टर और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे ट्रैक्टरों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।