पटना
पटना स्थित जदयू कार्यालय में आज कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग रखी। इस दौरान सबने ‘निशांत कुमार सीएम बनें’ का नारा भी लगाया। कार्यालय में निशांत को चांदी के मुकुट से स्वागत किया गया।

इस्तीफा देने के बाद पहला दौरा
दरअसल जदयू कार्यालय में भामाशाह जयंती का आयोजन किया गया। जहां कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और धूमधाम के इस आयोजन को मनाया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जेडीयू कार्यालय पहुंचे। वहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कार्यालय में यह उनका पहला दौरा था। जिससे परिसर में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान उन्होंने खुद पर बने गाने का आनंद लिया। साथ ही तालियां बजाकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

नीतीश कुमार ने दिए गुरुमंत्र
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच विशेष पंपलेट बांटे गए, जिनमें दानवीर भामाशाह के परिचय के साथ-साथ नीतीश कुमार के पांच महत्वपूर्ण संदेश शामिल थे। जिसमें उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया और कहा कि उनके लिए "राजनीति सेवा है, मेवा नहीं" और उनका काम ही उनकी पहचान है। नीतीश कुमार ने "न्याय के साथ विकास" का नारा दोहराते हुए कहा कि वे बिहार को उस ऊंचाई पर ले जाना चाहते हैं, जहां से इसे कोई नीचे न गिरा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए यह भी संदेश दिया कि कोई भी बड़ा लक्ष्य आधे मन से हासिल नहीं किया जा सकता। इस दौरान मौके पर राज्य के दोनों डीप्टी सीएम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।