द फॉलोअप,पटना
जदयू के MLC और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने 'नीतीश आर्काइव' को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता की है। इस दौरान उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक और सामाजिक जीवन से जुड़े तमाम ऐतिहासिक तथ्यों, यादों और गतिविधियों को एक जगह इकट्ठा करने के लिए एक विशेष राज्यव्यापी अभियान चलाया जाएगा।

नीरज कुमार ने की आम आवाम से अपील
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए एक समर्पित टीम का गठन भी कर दिया गया है, जो पूरे बिहार का दौरा कर इससे जुड़े साक्ष्यों और सामग्रियों को संकलित करने का काम करेगी। नीरज कुमार ने बिहार और देश के आम आवाम से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति के पास नीतीश कुमार के सार्वजनिक या व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी कोई भी पुरानी यादें, तस्वीरें, दस्तावेज या स्मृतियां हैं, तो वे उन्हें साझा कर सकते हैं। इसके लिए बकायदा एक आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की गई है, ताकि लोग आसानी से अपनी सामग्रियां टीम तक पहुंचा सकें। मुख्य प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल या पार्टी का सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह उन तमाम लोगों के लिए एक खुला मंच है जो नीतीश कुमार के विचारों और उनके विकास कार्यों से प्रभावित रहे हैं।

1 मार्च 2027 से 'नीतीश आर्काइव' का आगाज
इस डिजिटल और ऐतिहासिक पहल के भविष्य के खाके को सामने रखते हुए नीरज कुमार ने घोषणा की कि आने वाले 1 मार्च 2027 को 'नीतीश आर्काइव' का विधिवत आगाज किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह है कि आने वाले समय में नीतीश कुमार के संपूर्ण राजनैतिक सफर और सामाजिक योगदान से जुड़े सभी प्रामाणिक तथ्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और डिजिटल माध्यमों पर उपलब्ध रहें। इससे न केवल वर्तमान पीढ़ी बल्कि भविष्य की युवा पीढ़ी भी उनके ऐतिहासिक निर्णयों, संघर्षों और बिहार के विकास की गाथा के बारे में विस्तार से सटीक जानकारी प्राप्त कर सकेगी।