द फॉलोअप डेस्क
आगामी लोकसभा चुनाव को मद्देनजर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार झारखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में रैली करेंगे। 21 जनवरी को झारखंड के रामगढ़ में नीतीश रैली करेगें, वहीं 17 फरवरी को हरियाणा के रोहतक में उनकी रैली होगी। फिलहाल उत्तर प्रदेश में होने वाली रैली की तारीख अभी तय नहीं है। संभवतः जनवरी के आखिर की कोई तारीख तय की जा सकती है। इसकी जानकारी विभिन्न प्रदेशों के जदयू नेताओं ने दिल्ली में नीतीश कुमार के साथ बैठक के बाद मीडिया को इन रैलियों की जानकारी दी।

हरियाणा जदयू के कार्यकर्ताओं ने नीतीश को दिया निमंत्रण
हरियाणा जदयू के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नीतीश से मुलाकात कर हरियाणा नें जनजागरण रैली में आने का निमंत्रण दिया, जिसपर नीतीश कुमार ने भी आने की सहमति दे दी है। इससे पहले जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बाद पार्टी के प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने जानकारी दी थी कि मुख्यमंत्री नए साल में जनजागरण के लिए निकलेंगे और इसकी शुरुआत झारखंड से होगी।

जदयू नेताओं के साथ मुख्यमंत्री ने बैठक की
जिन प्रदेश के जदयू नेताओं के साथ मुख्यमंत्री ने बैठक की, उनमें उत्तरप्रदेश, झारखंड, असम, मणिपुर, हरियाणा, पंजाब, नागालैंड और कर्नाटक शामिल हैं। वहीं, इस दौरान पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह, मंत्री संजय झा और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद आदि मौजूद थे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : http://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\