logo

विवादित बोल : अब शिवानंद तिवारी बोले, रामायण में बहुत सारा कूड़ा-करकट

774.jpg

द फॉलोअप डेस्क

बिहार में बुधवार को राजद नेता सह शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर प्रसाद द्वारा रामचरितमानस पर दिए गए विवादास्पद बयान पर धमासान जारी है। विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के नेता भी इस बयान को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कोर्ट में मामला पहुंच गया है। वहीं, अब फिर से एक नया विवाद राजद के ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी के बयान से हो गया है। उन्होंने रामायण पर विवादस्पद टिप्पणी की है। शिवानंद तिवारी का कहना है कि समाजवादी आंदोलन के जनक डॉ. राम मनोहर लोहिया ने राम और रामायण मेले के आयोजन को लेकर सर्वाधिक लेख लिखे हैं। डॉ लोहिया सभी भाषाओं में उपलब्ध रामायण के प्रशंसक रहे लेकिन उनका मन तुलसी के रामायण में रमा हुआ है। उन्होंने कहा कि बाल्मीकि और दूसरे रामायण में प्रेम को इतनी बड़ी जगह नहीं मिली जितनी की तुलसी की रामायण में मिली है। शिवानंद तिवारी ने कहा कि लोहिया कहते हैं रामायण में बहुत सारा कूड़ा-करकट भी है और हीरा मोती भी है। कूड़ा करकट बुहारने के चक्कर में हीरा मोती भी नहीं बुहार देना चाहिए। उसी प्रकार हीरा मोती खाने के चक्कर में कूड़ा करकट नहीं खा लेना चाहिए।

जानें क्या है शिक्षा मंत्री का विवादित बयान
बिहार के शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर ने नालंदा खुला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बुधवार को हिंदू धर्म के पवित्र ग्रंथ रामचरितमानस पर विवादित बयान दिया। उन्होंने अपने संबोधन में रामचरितमानस को समाज बांटने और नफरत फैलाने वाला ग्रंथ कहा था। समारोह में बोलते हुए उन्होंने छात्रों को रामचरितमानस के कई चौपाई को सुनाते हुए उसका अर्थ बताया था। उन्होंने कहा था कि हमारा ग्रंथ ही समाज को बांटने वाली बातों को बता रहा है। इससे साफ है कि  इससे समाज को बांटने का काम तो हो सकता है मगर प्रेम बनाने का काम नहीं हो सकता है।

मंत्री को मिला प्रदेश अध्यक्ष का समर्थन
रामचरितमानस को लेकर विवादित बयान देने के बाद चौतरफा घिरे बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के समर्थन में राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह खुलकर उतरे। उन्होंने मंत्री चंद्रशेखर को आश्वस्त किया है कि उनके बयान के साथ राजद मजबूती से खड़ा है। कमंडल वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। कमंडल के आगे मंडल को कभी राजद हारने नहीं देगा। कोई कुछ भी बोले हमें पीछे हटने की कोई जरूरत नहीं है।