Patna Jagannath Yatra:
राजधानी पटना में आज भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। इस्कॉन मंदिर से शुरू हुई इस रथयात्रा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। यात्रा शुरू होने से पहले उन्होंने भगवान जगन्नाथ की विशेष आरती की। इसके बाद उन्होंने रथ के आगे सड़क पर झाड़ू लगाई और रथ की डोरी खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी समेत कई मंत्री, विधायक समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
श्री जगन्नाथ मंदिर, पुरी से प्रारंभ होने वाली विश्वविख्यात रथ यात्रा की पावन परंपरा से जुड़ते हुए आज पटना स्थित श्री श्री राधा बांके बिहारी इस्कॉन मंदिर, बुद्ध मार्ग एवं गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के शुभारंभ एवं पूजन कार्यक्रम में सहभागी बना।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) July 16, 2026
भगवान… pic.twitter.com/SWpOL1Ka0L
'हरे राम-हरे कृष्ण' के जयकारे गूंजे
भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा 40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देने निकले। पूरे यात्रा मार्ग पर 'हरे राम-हरे कृष्ण' के जयकारे गूंजते रहे। जगह-जगह रंग-बिरंगी रंगोलियों से मार्ग को सजाया गया और भगवान के रथ के साथ-साथ श्रद्धालुओं पर भी पुष्पवर्षा की गई। हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए जाने से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।

अखंड भजन-कीर्तन का आयोजन
रथयात्रा के दौरान दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक अखंड भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस्कॉन मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में रथयात्रा में शामिल होने और रथ की डोरी खींचने की अपील की। उनका कहना है कि भगवान जगन्नाथ के रथ की डोरी खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। जीवन के कष्ट दूर होते हैं। साथ ही भगवान का आशीर्वाद प्राप्त होता है।