द फॉलोअप डेस्क
पटना के मनेर थाना क्षेत्र के व्यापुर पूर्वी गली में शुक्रवार देर रात कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर हमला हुआ। हमलावरों ने फायरिंग के साथ तलवार, लाठी और रोड़ेबाजी की, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में समधी राजेंद्र प्रसाद के बेटे राजेश कुमार उर्फ पप्पू, स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह के बेटे मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू शामिल हैं। मनीष और नितीश का इलाज AIIMS पटना में चल रहा है, जबकि पप्पू को दानापुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार, मुकेश, दीपक (स्व. सतेंद्र का बेटा) और प्रिंस समेत चार लोगों पर हमले का आरोप है। हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिसके बाद तलवार और लाठी-डंडों से हमला किया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग की आवाजें सुनी जा सकती हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए। पटना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और एहतियातन पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। 