द फॉलोअप डेस्क
पारस हॉस्पिटल हत्याकांड को लेकर पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जहां पारस हॉस्पिटल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड को लेकर पुलिस पूरी तरह से एक्टिव थी और सीसीटीवी फुटेज, गुप्त सूचनाएं आदि की लगातार जांच की जा रही थी। उसी बीच इस घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी तौसीफ उर्फ 'बादशाह' समेत 4 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इसकी जानकारी खुद पटना पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। 
उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति के जरिये बताया कि "संयुक्त कार्रवाई में कोलकाता पुलिस और कोलकाता STF के सहयोग से मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ ‘बादशाह’ को कोलकाता से हिरासत में लिया गया है। साथ ही, निशु खान सहित अन्य 2 को भी हिरासत में लिया गया है"। 
मामले को लेकर उन्होंने आगे लिखा "प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि निशु खान के आवास पर ही इस हत्या की साजिश रची गई थी, तथा घटना को अंजाम मुख्य रूप से ताँशीफ उर्फ बादशाह द्वारा दिया गया। घटना के संदर्भ में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ जारी है। सभी हिरासत में लिए गए अभियुक्तों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत पटना लाने की कार्रवाई की जा रही है"।
वहीं पटना पुलिस ने आगे लिखा कि "उक्त मामले में कोलकाता पुलिस एवं कोलकाता STF का अत्यंत सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। कोलकाता पुलिस द्वारा एक टीम का गठन भी किया गया जिसने पटना पुलिस को लगातार सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
घटना के बारे में बता दें तो चंदन मिश्रा बीते 3 जुलाई को पेरोल पर बाहर आए था और 18 जुलाई को उसे दोबारा जेल लौटना था। लेकिन 17 जुलाई को पारस हॉस्पिटल के ICU वार्ड में दिनदहाड़े उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की छानबीन कर रही थी। जिसके बाद आज 4 आरोपियों को हिरासत में लेने की पुष्टि पटना पुलिस ने की है।