द फॉलोअप डेस्क
समस्तीपुर में ठगी के आरोप में फरार पंकज चौधरी के घर से बीते दिन शनिवार को पुलिस ने अवैध सम्पत्ति जब्त की है। पंकज चौधरी पर यह आरोप लगाया गया है कि उसने दलसिंहसराय अनुमंडल के रामपुर- जलालपुर गांव सहित अन्य जिलों के करीब 200 लोगों से बिटकॉइन के नाम पर एक अरब रुपए की ठगी की है। 
इसी मामले में शनिवार को कोर्ट के आदेश पर पंकज के घर कुर्की की गई। जहां घरेलू उपयोग की वस्तुएं जैसे पलंग, कुर्सी, सोफा, बर्तन आदि को जब्त किया गया। वहीं संपत्ति जब्ती के दौरान आस पास के लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। 
बता दें कि साल 2021 में पैसे 20 माह में 2 गुना करने के नाम पर पंकज चौधरी ने अपने गांव सहित आस पास के गांवों को मिलाकर करीब 200 लोगों से 1 अरब रुपए लिया था। और जब पैसे डबल नही हुए तो वह मौके से फरार हो गया। जिसके बाद एक व्यक्ति ने पुलिस को आवेदन दिया। इसमें आरोप लगाया गया कि पंकज ने बिटकॉइन के नाम पर एक करोड़ 18 लाख 20 हजार रुपए लेकर ठगी कर ली गई है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी पंकज कुमार गांव के ही तीन अन्य दोस्तों शिवम चौधरी, अमित कुमार उर्फ़ मिथुन, सौरभ कुमार के साथ मिलकर काम करता था। गांव वालों ने जब पैसे वापस करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया तो बिना पैसे डबल किये ही पैसे वापस करने की बात करने लगता था। उसके बाद गांव में इस मामले को लकर कई पंचायतें भी हुई। जहां आरोपियों ने कहा था कि मूलधन वापस कर देंगे। इसी बीच मुख्य आरोपी पंकज गांव से फरार हो गया। फिलहाल इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ की जा रही है।