द फॉलोअप डेस्क
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, और चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक दलों के बीच पोस्टर वॉर तेज हो गया है। राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की तरफ से कई पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें बिहार के मौजूदा हालात और नीतीश सरकार पर निशाना साधा गया है। इन पोस्टरों में आरजेडी ने राज्य के गंभीर हालात को दिखाने की कोशिश की है।
एक खास पोस्टर में बिहार का नक्शा वेंटिलेटर पर रखा गया है, और तेजस्वी यादव को इलाज करते हुए दिखाया गया है। इस पोस्टर को राजद के प्रदेश महासचिव भाई अरुण कुमार द्वारा लगाया गया है। पोस्टर में तेजस्वी यादव हाथ में लालटेन लेकर राज्य के हालात सुधारने का वादा करते नजर आ रहे हैं। इसके माध्यम से तेजस्वी यादव अपने किए गए वादों को पूरा करने की बात कर रहे हैं।
पोस्टर में तेजस्वी के साथ-साथ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की भी तस्वीरें हैं। इस पोस्टर में 'माई-बहिन योजना' का जिक्र किया गया है, जिसमें महिलाओं के लिए कई योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। इसके अलावा, 200 यूनिट बिजली मुफ्त, सामाजिक पेंशन और युवाओं को तोहफे देने की योजना का भी उल्लेख किया गया है। इस पोस्टर में बिहार में बढ़ते अपराधों पर भी सवाल उठाए गए हैं। पोस्टर में लिखा गया है, "बिहार के हालात गंभीर हैं, वजह मौजूदा सरकार है।".jpeg)
तेजस्वी यादव ने इस पोस्टर को अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर भी शेयर किया है। पोस्टर के साथ उन्होंने बिहार में हो रही आपराधिक घटनाओं की लिस्ट भी शेयर की है, जिनमें विभिन्न तरह की आपराधिक गतिविधियों का विवरण दिया गया है।
यह पोस्टर वॉर बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव की चुनावी राजनीति को और भी गर्म कर सकता है, क्योंकि राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है।