logo

लालू और नीतीश पर प्रशांत किशोर का तीखा प्रहार, कहा- बिहार को कर दिया पूरा बर्बाद

pk5.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

जन सुराज के संयोजक और कभी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जीत के लिए काम कर चुके प्रशांत किशोर ने एक बार फिर बिहार की राजनीति पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार और लालू यादव ने पिछले 35 सालों तक बिहार में राज किया और इस दौरान बिहार को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इन नेताओं ने सामाजिक न्याय के नाम पर बिहार की जनता को लूटने का काम किया है।
प्रशांत किशोर ने भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के समतामूलक समाज के सपने को याद करते हुए कहा कि उनके अनुयायियों के राज में बिहार के 60 प्रतिशत परिवार भूमि-हीन हैं। इस पर वे जन सुराज के 5 मंत्रों की जानकारी भी दी, जिनके माध्यम से समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भूमिहीनों को जमीन मिलनी चाहिए, सबको समान शिक्षा और रोजगार के लिए पूंजी की उपलब्धता होनी चाहिए।
प्रशांत किशोर ने यह भी बताया कि वर्तमान में बिहार में 100 में से 60 लोग भूमिहीन हैं और जिनके पास जमीन है, उन्हें भी इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। सीओ और बीडीओ सर्वे के नाम पर इन लोगों को लूटा जा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार में विनोबा भावे के अनुरोध पर बड़ी संख्या में लोगों ने जमीन दान दी थी, लेकिन यह जमीन किसे मिली, यह कोई नहीं जानता।
प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर जन सुराज सत्ता में आता है, तो वह तीन साल के भीतर भूमि सुधार लागू करेगा, ताकि भूमिहीन लोगों को उनकी ज़मीन मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पटना के सीएलटी घाट पर जन सुराज की ओर से एक आश्रम स्थापित किया गया है, जहां राज्य के युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशांत किशोर की पार्टी, जन सुराज, 2025 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से तैयारी कर रही है और यह दावा कर रही है कि वह बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी का उद्देश्य 2025 में नीतीश कुमार को सत्ता से बेदखल करना है।
 

Tags - Biharbiharnewsbiharpostrjdjdujansurajlatestnewsprashantkishor