logo

कटिहार में कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब, NDA घटक दलों के अध्यक्षों ने बताया एकजुटता की ताकत

DILIP0023.jpg

पटना
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के कार्यकर्ता सम्मेलन का कारवां अन्य जिलों से होता हुआ आज कटिहार पहुंचा। इस कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत में NDA कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखा और NDA के पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने इन उत्साहित कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए एकजुटता की ताकत का एहसास कराया। NDA घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने कटिहार के एलडब्लूसी मैदान में NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेते हुए कार्यकर्ताओं को प्रदेश में 225 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कराने का संकल्प दिलाया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस मैदान में उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब ही NDA की ताकत है। आज कार्यकर्ताओं का जज़्बा और जुनून यह साबित करने के लिए काफी है कि प्रदेश की जनता कभी इस प्रदेश में अब जंगलराज नहीं आने देगी।


इस NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से भाग लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि NDA तोड़ने नहीं जोड़ने की बात करती है, जबकि हमारे विरोधी क्षेत्र, भाषा, के नाम पर तोड़ने की बात कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये जो तोड़ने की बात करते हैं उनसे न केवल उनके कार्यकर्ता टूट रहे हैं बल्कि जनता भी उनसे टूटकर अलग हो गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में ऐसा कोई पंचायत नहीं है जहां आज विकास के कार्य नहीं हो रहे हैं। बिहार में सभी क्षेत्रों में काम हो रहे हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि NDA सरकार ने बिहार में विकास कर दिखाया है और इस बिहार को विकसित बनाने को लेकर भी हम संकल्पित हैं।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह कार्यकर्ताओं का यहां जन सैलाब उमड़ा है, वह चुनाव के पहले ही NDA की जीत पर मुहर है। उन्होंने कहा कि इसे विपक्ष को भी समझ लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार में सुशासन को जनता का समर्थन मिलता रहा है और यही कारण है कि बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। आज जहां महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर काम किए जा रहे हैं तो आधारभूत संरचनाओं को लेकर प्रदेश नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। यही तो सुशासन है। महिलाओं का सशक्तिकरण हो रहा है, वहीं युवाओं को रोजगार देने की योजना सफल हो रही है।

इधर, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि बिहार अब आत्मनिर्भर बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। आज यहां के उत्पादों की पहचान देश ही नहीं दुनिया तक पहुंच रही है। मखाना की पहचान अब देश की सीमा को लांघकर दुनिया तक हो चुकी है। केंद्रीय बजट में बिहार को कई सौगातें मिली हैं। हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि कटिहार के इस मैदान में उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब में उमड़ा जोश सातवें आसमान पर है। रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि राजद काल के शासनकाल को बिहार की जनता कभी नहीं भूल सकती है। 


 

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi