बेगूसराय
बिहार चुनाव के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को बेगूसराय के बछवाड़ा में जनसभा कर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में जो सरकार चल रही है, उसे ‘डबल इंजन’ मत समझिए — असल में एक ही इंजन है, जो दिल्ली से कंट्रोल होता है। प्रियंका ने कहा, “नीतीश कुमार हों या बिहार के लोग — किसी की सुनवाई नहीं हो रही। मुख्यमंत्री को भी सम्मान नहीं मिल रहा है, सब कुछ दिल्ली से तय होता है।”
कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार पर उद्योगपतियों के पक्ष में नीतियां बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “यहां की जमीनें बड़े उद्योगपतियों को मुफ्त दी जा रही हैं, लेकिन आम आदमी को क्या मिला? अगर आज भी आप नहीं जागे, तो कुछ नहीं बदलेगा। बड़े-बड़े नेता आएंगे, भविष्य और अतीत की बातें करेंगे, मगर वर्तमान की बात कोई नहीं करेगा।”

प्रियंका गांधी ने महात्मा गांधी का हवाला देते हुए कहा कि “बिहार की धरती ने संविधान की लड़ाई शुरू की थी। संविधान ने आपको आत्मविश्वास और वोट का अधिकार दिया, लेकिन भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार ने इन अधिकारों को कमजोर किया है।”
उन्होंने NDA सरकार पर बिहार के मतदाताओं के अधिकार छीनने का आरोप लगाते हुए कहा, “20 साल से बिहार में NDA की सरकार है, जिसने लोगों के वोट को ही खतरे में डाल दिया है। SIR के नाम पर 65 लाख से अधिक वोट काटे गए — ये सिर्फ वोट नहीं, आपके अधिकार हैं जो छीने जा रहे हैं।” मौसम खराब होने के कारण प्रियंका गांधी का हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद वे सड़क मार्ग से बेगूसराय पहुंचीं और वहां से खगड़िया के बेलदौर में भी रैली करने निकल गईं।
