logo

वंदे भारत एक्सप्रेस की टाइमिंग को लेकर विरोध शुरू, रांची से सुबह और पटना से शाम में खोलने की मांग

vande_bharat3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची से पटना के लिए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 27 जून यानि कल प्रधानमंत्री करेंगे। वहीं उद्घाटन से एक दिन पहले ट्रेन की टाइमिंग को लेकर बवाल शुरू हो गया है। बिहार दैनिक यात्री संघ समेत कई संगठनों ने इसपर विरोध जताया है। इसे लेकर संगठनों की मांग है कि ट्रेन का परिचालन सुबह में रांची और दोपहर बाद पटना से होनी चाहिए। संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद शर्मा और महासचिव शोएब कुरैशी ने वंदे भारत को रांची से सुबह में खोलने की मांग रेलवे बोर्ड से मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से सुबह और शाम दोनों समय दोनों ओर से सुपरफास्ट ट्रेन की सुविधा मिलेगी। वहीं, कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमल नोपानी ने कहा कि अगर पटना से सुबह में वंदे भारत चलेगी तो जनशताब्दी पिटेगी, जिससे उस ट्रेन के यात्रियों को भी परेशानी होगी।


चौथा ट्रायल सफल
वंदे भारत ट्रेन का चौथा ट्रायल सोमवार यानि आज सफल रहा। सुबह 4:15 बजे पटना से इस ट्रेन का अंतिम ट्रायल किया गया। यह ट्रेन निर्धारित समय से पांच मिनट पहले सिर्फ छह घंटे में रांची पहुंच गई। अंतिम ट्रायल में रेलवे के अधिकारी और मीडिया के लोगों को शामिल किया गया।
सप्ताह में छह दिन नियमित रूप से चलेगी ट्रेन
27 जून को उद्घाटन होने के बाद यह ट्रेन नियमित तौर पर सप्ताह में मंगलवार छोड़कर छह दिन रांची से पटना तक चलेगी। कोडरमा, हजारीबाग, बरकाकाना समेत कई स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा। वंदे भारत ट्रेन हटिया स्टेशन से अपराह्न बाद 3:55 बजे खुलेगी और शाम 4:10 बजे रांची स्टेशन पहुंचेगी। पांच मिनट के स्टॉपेज के बाद शाम 4:15 बजे पटना के लिए रवाना होगी। यह रात 10:10 बजे पटना पहुंचेगी। ट्रेन 6 घंटे15 मिनट में 385 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। समय-सारिणी स्वीकृति होते ही ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा।


पटना से सुबह 7 बजे खुलेगी 
जानकारी हो कि आमलोगों के लिए यह ट्रेन 28 जून से शुरू होगा। ट्रेन पटना से सुबह 7 बजे खुलेगी और दोपहर 1 बजे रांची पहुंचेगी । वहीं रांची से 4:15 में खुलेगी और रात 10:05 में पटना पहुंचेगी।  ट्रेन रांची से पटना की दूरी 5 घंटे 50 मिनट में तय करेगी। बता दें कि पटना से रांची जानेवाली वंदे भारत ट्रेन का नंबर- 22349 है। जबकि रांची से पटना आनेवाली ट्रेन का नंबर- 22350 है।  इसमें सफर करने के लिए टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N