पटना:
बिहार (Bihar) में नई सरकार की गठन के बाद से ही राजनीतिक गहमा-गहमा जारी है। राज्य में विपक्षी पार्टी सत्ता पक्ष पर लगातार हमलावर है। इसी बीच एक खबर सामने आई है जिसने विपक्ष को हमला करने का एक और मौका दे दिया है। दरअसल, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की एक तस्वीर सोशल मीडिया में काफी वायरल है। इस तस्वीर में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri Devi) राजमाता शिवगामी की तर्ज पर मंत्रियों को आदेश देती नजर आ रही हैं।

डिप्टी सीएम की कुर्सी पर बैठी नजर आई राबड़ी
दरअसल, जो तस्वीर सामने आई है उसमें बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की कुर्सी पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी बैठी हुई नजर आ रही हैं। तेजस्वी यादव उनकी बगल में बैठे हैं। इस तस्वीर के बारे में बताया जा रहा है कि यह तस्वीर बिहार विधान परिषद में तेजस्वी यादव के कक्ष की है। तस्वीर, गुरुवार की है। ऐसा कर लग रहा है जैसे राबड़ी देवी मंत्रियों को कोई निर्देश दे रही हैं।

पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर हुई नोंक-झोंक
गुरुवार को विधान परिषद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर नोंक-झोंक हुई थी। तेजस्वी यादव ने विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी को बधाई दी। उसके बाद चुटकी लेते हुए यह कह डाला था कि आप तो पहले राजद में थे। हमारी सरकार में मंत्री भी रहे थे। आज आप बीजेपी में हैं। तेजस्वी के तंज के बाद सम्राट चौधरी सदन में खड़े हो गए और अपनी बात रखने लगे। सम्राट चौधरी ने डिप्टी सीएम को जवाब देने के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी प्रश्न उठा दिया। कहा था कि यह तय कर दिया गया है कि बिहार का पालिटिकल डीएनए कहीं भी जा सकता है।