द फॉलोअप डेस्क
राज्यसभा सांसद उपेन्द्र कुशवाहा को एक अज्ञात नंबर से दोबारा मैसेज कर धमकी दी गई है। बता दें कि इससे पूर्व भी उपेन्द्र कुशवाहा को एक बार धमकी दी जा चुकी है, जिसको लेकर उन्होंने प्रशासन को अवगत कराया था। इस धमकी की जानकारी उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर मैसेज के स्क्रीनशॉट के साथ साझा की है। और लिखा है कि "कल दिनांक 7 जुलाई 2025 को संध्या 7:25 से 7:36 के बीच, मोबाइल नंबर 7780012505 से मेरे मोबाइल पर फिर से तीन धमकी भरे संदेश भेजे गए"।
उन्होंने आगे लिखा कि "इससे पूर्व भी मुझे धमकियाँ मिल चुकी हैं, जिसको लेकर स्थानीय प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। यह अब केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि व्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। प्रशासन से अपेक्षा है कि इस प्रकरण की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो"।
मैसेज करने वाले ने मैसेज में राजनीतिक न करने की धमकी दी है और कहा है कि पिछली बार भी धमकी दी गई थी। मैसेज करने वाले ने बताया है कि "हम बबलू की तरफ से बोल रहे हैं"। आरोपी ने कहा है कि छोड़ने वाले में से नहीं है और यह 15 तारीख को पता चल जाएगा। उसने यह भी धमकी दी है कि जिसे भी बताना हो बता दो मीडिया से भी बताना हो तो बता दो। इसके बाद उसने आखिरी मैसेज hi और by लिखा है।
बता दें कि इससे पूर्व भी उपेन्द्र कुशवाहा को एक अज्ञात नंबर से 19 जून को धमकी दी गई थी जिसकी जानकारी उपेन्द्र कुशवाहा ने अपने एक्स हैंडल पर साझा किया था।