द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) आज अपना 27 वां स्थापना दिवस मना रहा है। इसके लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) पार्टी के प्रदेश कार्यालय में झंडोत्तोलन कर इसका उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यलय को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। कार्यालय को पार्टी के रंग यानी कि हरे रंग के बल्ब से सजाया गया है। प्रदेश कार्यालय में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे। कहा जा रहा है कि पार्टी के स्थापना दिवस पर लालू यादव अपने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दे सकते हैं।

सभी जिला मुख्यालयों में भी कार्यक्रम का आयोजन
आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने बताया कि बुधवार को आरजेडी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। पटना स्थित राजद कार्यालय के अलावा प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित करने के दिशा निर्देश दिये गये हैं। पार्टी के सभी विधायक, विधान पार्षद और सांसद अपने अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

ऐसी बनी राष्ट्रीय जनता दल
राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना 5 जुलाई, 1997 को दिल्ली में आयोजित एक समारोह में हुई थी। राजद की स्थापना के वक्त लालू यादव के साथ रघुवंश प्रसाद सिंह, कांति सिंह समेत 17 लोकसभा सांसद और 8 राज्यसभा सांसद थे। इन दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में बड़ी तादाद में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे थे। आरजेडी की स्थापना के पीछे एक बड़ी राजनीतिक घटना थी। दरअसल, 4 जुलाई 1997 की शाम पूर्व पीएम इंद्र कुमार गुजराल ने अपने आवास पर जनता दल के नेताओं की एक बैठक बुलाई थी, इसमें लालू यादव भी शामिल हुए थे। बैठक में लालू प्रसाद से कहा गया कि वह सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे, लेकिन उनको जनता दल का ही अध्यक्ष रहने दिया जाएगा। लालू को ये प्रस्ताव पसंद नहीं आया और उन्होंने बगावत कर दी। अगले ही दिन यानी 5 जुलाई को लालू ने अपनी अलग पार्टी राष्ट्रीय जनता दल बना ली। इस तरह लालू ने अपनी अलग पार्टी भी खड़ी कर ली और सत्ता भी बचा ली थी।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N