द फॉलोअप डेस्क:
Rohini Acharya Patna Return: सिंगापुर (Singapore) से करीब 11 महीने बाद रोहिणी आचार्य गुरुवार को पटना लौटीं। उन्हें लेने के लिए उनके पिता लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav), मां राबड़ी देवी (Rabri Devi) और बहन मीसा भारती (Misa Bharti) खुद पटना एयरपोर्ट (Ptana Airport) पहुंचे। एयरपोर्ट से बाहर आने के बाद रोहिणी ने सबसे पहले पिता लालू प्रसाद यादव के पैर छुए और फिर मां राबड़ी देवी से मुलाकात की। लंबे समय बाद बेटी से मुलाकात का यह पल परिवार के लिए भावुक नजर आया।
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पापा का हाथ थाम राहें आसान होती हैं,
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) October 2, 2026
पापा की हर एक मुस्कान में मेरी जान बसती है ..
कोई शब्द नहीं, कोई शर्त नहीं, ये रिश्ता इतना पावन है ..
पापा.. आप मेरी बरगद की छाया .. आपसे बड़ा और बढ़ कर मैंने इस जहान में कुछ और नहीं पाया.. pic.twitter.com/JsRTqDDEBj

‘पापा ने बुलाया है, मां-बाप से मिलने आई हूं’
पटना पहुंचने के बाद रोहिणी आचार्य ने मीडिया से कहा कि वह अपने माता-पिता से मिलने आई हैं। उन्होंने अपनी इस यात्रा को निजी बताया और इसे राजनीति से जोड़कर नहीं देखने की अपील की। तेजस्वी यादव से नाराजगी या परिवार के विवाद से जुड़े सवालों पर उन्होंने कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की। इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट में भी रोहिणी ने पिता की खुशी और उनके आशीर्वाद को अपने लिए सबसे ऊपर बताया था।

कभी राजनीति और परिवार से दूरी की कही थी बात
रोहिणी आचार्य की यह वापसी इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि नवंबर 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव के बाद उन्होंने राजनीति छोड़ने और परिवार से संबंध खत्म करने की बात कही थी। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कुछ लोगों पर आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्होंने परिवार से दूरी बना ली थी और सिंगापुर चली गई थीं। रोहिणी आचार्य 2022 में अपने पिता लालू प्रसाद यादव को किडनी दान करने के बाद काफी चर्चा में आई थीं। इसके बाद 2024 में उन्होंने सारण लोकसभा सीट से आरजेडी के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था। हालांकि वह चुनाव जीत नहीं सकीं।
फिलहाल परिवार से मुलाकात पर ही रोहिणी का जोर
करीब एक साल बाद पटना लौटी रोहिणी आचार्य ने फिलहाल अपनी वापसी को पारिवारिक मुलाकात बताया है। एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती की मौजूदगी ने इस मुलाकात को खास बना दिया। आगे रोहिणी की राजनीतिक भूमिका क्या होगी या परिवार के पुराने विवाद पर उनका रुख क्या रहेगा, इस पर उन्होंने अभी कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। फिलहाल पटना एयरपोर्ट से सामने आई तस्वीरों में पिता और बेटी की मुलाकात ही सबसे ज्यादा चर्चा में है।
यह भी पढ़ें: बिहार में पुलिस का इकबाल है कि नहीं, कानून का राज कहां है! महिलायें अपनी सुरक्षा की उम्मीद करे भी तो किससे!