द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजनीति में मंगलवार को उस वक्त हलचल तेज हो गई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद MLC की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनका त्यागपत्र विधिवत रूप से परिषद के सभापति को सौंपा गया। इस घटनाक्रम को लेकर सियासी बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पूर्व में ट्विटर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने पोस्ट में दावा किया कि बिहार में बीजेपी का “ऑपरेशन फिनिश नीतीश” संपन्न हो गया है। साथ ही आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री से उनकी मर्जी के खिलाफ इस्तीफा लिया गया। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “चाचा जी ने जैसा बोया, वैसा पाया… कुर्सी से चिपके रहने के मोह में मुख्यमंत्री की कुर्सी भी गई और बिहार भी हाथ से निकल गया।”
हालांकि, इन आरोपों पर सत्तापक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद नियमों के तहत एमएलसी पद से इस्तीफा देना एक सामान्य प्रक्रिया हो सकती है। इस दौरान जदयू के नेता संजय गांधी, संजय कुमार झा और मंत्री विजय चौधरी विधान परिषद पहुंचे। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ नेता भावुक भी नजर आए। इस घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में आगे की रणनीति और संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।