logo

बालू माफियाओं ने 2 सैप जवानों को स्कॉर्पियो से रौंदा, 1 की मौत

mafia.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पटना में बालू माफियाओं के आतंक का एक बड़ा मामला देखने को मिला, जहां जिले के पालीगंज अनुमंडल के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र में बीती रात खनन विभाग की टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। इस हमले में एक जवान की मौत हो गई। दरअसल अवैध खनन के खिलाफ क्षेत्र में जांच अभियान चलाया जा रहा था, इस क्रम में माफियाओं ने सैप जवानों पर स्कॉर्पियो चढ़ाकर रौंद दिया। इस घटना में एक जवान की मौत हो गई, वहीं दूसरे जवान की हालत नाजुक बनी हुई है। घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
मिली जानकारी के अनुसार, काब गांव के पास खनन विभाग की टीम अवैध बालू लदे वाहनों की जांच में जुटी हुई थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर को चेकिंग के लिए रोका गया। जांच के बाद पता चला कि ट्रैक्टर में अवैध बालू लेकर जा रहा था। जिसके बाद सैप जवान ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लेकर आ रहे थे। तभी ट्रैक्टर मालिक और उसके साथियों ने जवानों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के बाद आरोपी स्कॉर्पियो में बैठकर भागने लगे और भागते समय सैप जवानों को कुचलते हुए निकल गए। इस हादसे में दो जवान बुरी तरह से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पीएमसीएच ले गए। हालांकि इलाज के दौरान एक जवान की मौत हो गई। 
पुलिस ने जानकारी दी कि मृतक जवान की पहचान दुखहरन पासवान के रूप में की गई है। वहीं घायल जवान के नाम लक्ष्मण सिंह बताया जा रहा है। घटना के बाद सभी आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर लिया है। और फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है।
 

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar update crime news crime update patna news patna khabar patna update