द फॉलोअप डेस्क
देश में लगातार दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है, ऐसे में कोई महिला खुद को सुरक्षित कैसे महसूस कर सकती है। बिहार के खगड़िया में एक ऐसी ही घटना सामने आई है। दरअसल, BPSC शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। BPSC शिक्षक पर अपनी ही छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। छात्रा, आरोपी शिक्षक से ट्यूशन पढ़ती थी। लड़की जब अपने कमरे में सो रही थी, शिक्षक ने उसी दौरान घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
दरअसल, यह घटना बेलदौर थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि पीड़िता चार साल पहले आरोपी शिक्षक के यहां ट्यूशन पढ़ने जाती थी। तब से ही छात्रा पर शिक्षक की बुरी नजर थी। बीते 30 मई की रात मौका देखकर आरोपी शिक्षक घर में घुसा और कमरे में सो रही छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
छात्रा के शोर मचाने पर परिवार के लोग जब कमरे में पहुंचे तो आरोपी परिवार के लोगों को कट्टा का भय दिखाकर वहां से फरार हो गया। परिजनों के थाने में मामला दर्ज कराने के बाद से ही आरोपी शिक्षक फरार है। पुलिस ने थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है वहीं आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।