logo

PM के दौरे से पहले बिहार पहुंचे शिवराज सिंह, कहा- किसानों को मिलेगा तोहफा

शिवराज_बिहार.jpg

द फॉलोअप डेस्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बिहार के भागलपुर आ रहे हैं। पीएम के बिहार दौरे को लेकर रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि सोमवार को पीएम मोदी भागलपुर में किसान सम्मान निधि योजना के तहत 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खाते में डालेंगे, जो बिहार के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है।
कृषि मंत्री ने कहा कि पीएम का यह दौरा बिहार के किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और वे प्रधानमंत्री के साथ आयोजित सभा में भाग लेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार किसानों के लिए कई योजनाएं लागू कर रही है, और मखाना बोर्ड के गठन के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। कृषि मंत्री ने यह स्पष्ट किया कि मखाना बोर्ड के गठन से पहले किसानों से उनकी राय ली जाएगी और प्रधानमंत्री इस विषय पर भी चर्चा करेंगे।
पटना में भाजपा नेताओं ने कृषि मंत्री का भव्य स्वागत किया। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने दरभंगा पहुंचकर मखाना किसानों से मुलाकात की और मखाना रिसर्च सेंटर में जाकर फसल की खेती और प्रोसेसिंग से संबंधित प्रक्रिया को समझा। मंत्री ने मखाना की रोपनी के दौरान किसानों के साथ कीचड़ भरे खेत में उतरकर खुद अपनी हाथों से रोपनी की। उनके साथ बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और सांसद हरिभूषण ठाकुर बचौल भी मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने कहा कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों के सच्चे हितैषी हैं। वे केवल ऑफिस में काम करने वाले नेता नहीं, बल्कि खुद खेतों में उतरकर किसानों के साथ काम करते हैं, जो एक बड़ा संदेश है।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के कल्याण के लिए सही नीतियां बना रहे हैं, और भागलपुर में पीएम किसानों को बड़ी सौगात देने वाले हैं।

Tags - BIHARBIHARNEWSBIHARPOSTPMMODIPMNEWSSHIVRAJSINGHFARMER