द फॉलोअप डेस्क:
बिहार (Bihar) के सीवान जिले (Siwan District) के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव (Alam pur village) में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट (blast) के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना में पांच लोगों की मौत के बाद थाना स्तर पर लापरवाही के आरोप में जामो बाजार थानाध्यक्ष धीरज कुमार और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस और जिला प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीएम, एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
विस्फोट की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। डीएम विजय प्रकाश मीणा, एसपी भारत सोनी और महाराजगंज के अनुमंडल पदाधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने और राहत व जांच से जुड़ी प्रक्रियाओं के लिए अग्निशमन, बिजली विभाग, डॉग स्क्वायड और मेडिकल टीम को बुलाया गया। वहीं, विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी तैनात किया गया है।

एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भारत सोनी के निर्देश पर महाराजगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी महाराजगंज के सर्किल इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, संबंधित लोगों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में अवैध पटाखा निर्माण, विस्फोट के कारणों और संभावित लापरवाही समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।