logo

नालंदा : डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, तिलक समारोह से लौट रहे 3 चचेरे भाइयों की मौत

NALANDA0120.jpg

नालंदा
नालंदा जिले के एकंगरसराय-जहानाबाद मुख्य मार्ग पर कठार पुल के पास मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सामने से आ रही गाड़ी के चकमा देने के बाद अनियंत्रित हो गई और सीधे पुल के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
हादसे में जहानाबाद जिले के टेनी बीघा गांव निवासी तीन चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान सोनू कुमार (21), रोहित कुमार (22) और उद्देश्य कुमार (18) के रूप में हुई है। तीनों युवक एक ही परिवार से थे।


परिजनों के अनुसार, सभी युवक मसौढ़ी में एक दोस्त की बहन के तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। वे एकंगरसराय के भातु बीघा गांव से अपने घर टेनी बीघा जा रहे थे। इसी दौरान कठार पुल के पास सामने से आ रही गाड़ी ने चकमा दे दिया। चालक संतुलन खो बैठा और कार डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में 19 वर्षीय सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है। दो युवकों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि तीसरे ने पटना ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।


घटना की सूचना मिलते ही टेनी बीघा गांव में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजित कुमार टिंकू ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Bihar Road Tragedy Divider Collision Case Ekangarsarai Highway Fatal Car Accident Police Investigation Bihar