पटना:
शिक्षक दिवस (Teachers Day) के अवसर पर STET और CTET पास शिक्षक अभ्यर्थी (STET and CTET pass teacher candidates) सोमवार को अपनी मांग को लेकर सड़क पर उतरे। इस दौरान करीब 200 अभ्यर्थी गांधी मैदान (Gandhi Maidan) में सांकेतिक प्रदर्शन करने जुटे। भीड़ बढ़ता देख प्रशासन ने गांधी मैदान का गेट बंद दिया ताकि न कोई बाहर जा सके और न ही कोई अंदर आ सके। जिसके बाद पुलिस ने 5 अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि मंडल को बातचीत के लिए ले गई।

सरकार आश्वासन देने के बाद भी आज तक कुछ नहीं कर पाई
अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान में एक शृंखला बनाकर सरकार को अपनी मांगों को मनाने के लिए सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे थे। शिक्षक अभ्यर्थियों ने कहा कि चाहे जो हो जाए हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। हम बेरोजगारी की तरफ बढ़ रहें हैं। हम भीख मांगने को मजबूर हो गए है। सरकार आश्वासन देने के बाद भी आज तक कुछ नहीं कर पाई। पिछले दिनों हमारे साथियों के साथ बर्बरता की गई। उसमें भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
अभ्यर्थियों को सपोर्ट में आए विधायक मनोज मंजिल
इन शिक्षक अभ्यर्थियों को सपोर्ट करने अगिआंव से CPI-ML विधायक मनोज मंजिल पहुंचे थे। मनोज मंजिल ने दैनिक भास्कर से कहा कि मैं शिक्षक दिवस पर हम इन शिक्षक अभ्यर्थी को बधाई देने आया हूं। इस नई सरकार से उम्मीद है कि बिहार के इन भविष्य को रोजगार देगी।
22 अगस्त को अभ्यर्थियो पर पुलिस ने किया था लाठीचार्ज
बता दें कि 22 अगस्त को सातवें चरण की मांग के लेकर प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियो पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था। पटना के ADM के के सिंह ने तिरंगा लिए एक प्रदर्शनकारी छात्र पर जमकर लाठियां बरसाई थीं। जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गए थे। ADM केके सिंह ने हाथ में तिरंगा लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी को घसीट कर लाठी से पीटा था।