द फॉलोअप डेस्क
रांची से पटना के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 27 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। आज ट्रेन का तीसरी बार ट्रायल रन करवाया गया। इसी बीच रामगढ़ के बरकाकाना स्टेशन के पास इसपर पथराव किया गया। जिससे ट्रेन की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।

पटना से सुबह 7 बजे खुलेगी
जानकारी हो कि आमलोगों के लिए यह ट्रेन 28 जून से शुरू होगा। ट्रेन पटना से सुबह 7 बजे खुलेगी और दोपहर 1 बजे रांची पहुंचेगी । वहीं रांची से 4:15 में खुलेगी और रात 10:05 में पटना पहुंचेगी। ट्रेन रांची से पटना की दूरी 5 घंटे 50 मिनट में तय करेगी। बता दें कि पटना से रांची जानेवाली वंदे भारत ट्रेन का नंबर- 22349 है। जबकि रांची से पटना आनेवाली ट्रेन का नंबर- 22350 है। इसमें सफर करने के लिए टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है।

जानें कितना है किराया
आईआरसीटीसी एप के माध्यम से मिली जानकारी के मुताबिक रांची से पटना का किराया चेयरकार के लिए 1175 रुपए हैं और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 2110 रुपए देने होंगे। रांची से पटना के बीच चेयर कार के लिए कुल 411 सीटों की बुकिंग होगी, वहीं एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 37 सीट बुकिंग के लिए रखे गए हैं। वहीं पटना से रांची के बीच चेयरकार के लिए 423 सीटें और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 40 सीटों की बुकिंग होगी। पटना से रांची के बीच चेयरकार का किराया 1025 रुपए हैं और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1930 है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N