द फॉलोअप डेस्क
पटना यूनिवर्सिटी में नए एकेडमिक और प्रशासनिक भवनों के उद्घाटन के अवसर पर हंगामा हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, लेकिन इससे पहले छात्र संघ के अध्यक्ष शांतनु शेखर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। छात्र संघ अध्यक्ष शांतनु शेखर ने आरोप लगाया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की उन्हें और छात्रों के प्रतिनिधियों को कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि न सिर्फ छात्र संघ को, बल्कि विश्वविद्यालय के कुलपति तक को औपचारिक निमंत्रण नहीं दिया गया। शांतनु ने स्पष्ट कहा कि वह छात्रों के हितों की आवाज उठाने आए हैं। विरोध के दौरान वे हाथ में ताला लेकर पहुंचे और भवन में ताला लगाने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। इस दौरान परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और शिक्षा मंत्री सुनील सिंह भी मौके पर मौजूद थे। छात्रों ने दोनों नेताओं को घेर लिया और अपनी नाराजगी जाहिर की। जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने और छात्रों को शांत कराने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आज इन नए भवनों का उद्घाटन करेंगे। लगभग 147.29 करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्रशासनिक भवन (G+8) और एकेडमिक भवन (G+9) आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। उद्घाटन के बाद विश्वविद्यालय का मुख्यालय नए प्रशासनिक ब्लॉक में स्थानांतरित किया जाएगा, जबकि नए एकेडमिक भवन में पीजी विभागों को शिफ्ट किया जाएगा। हर फ्लोर पर CCTV, मीटिंग और सेमिनार हॉल, शुद्ध पेयजल और लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बिजली संकट से निपटने के लिए सोलर प्लांट और सब स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, पार्किंग और गार्डन की व्यवस्था भी की जा रही है।
