द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। मनोज तिवारी ने रोहतास के डेहरी में एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा बयान देते हुए संकेत दे दिया है कि 10 अप्रैल तक यह साफ हो जाएगा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है। मनोज तिवारी ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें अपना नेता बताया। उन्होंने कहा कि जब बिहार की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी, उस समय नीतीश कुमार ने अपनी राजनीतिक समझ और अनुभव से राज्य को नई दिशा दी। आज बिहार की बेहतर छवि के पीछे उनका अहम योगदान है, जिसे जनता भी स्वीकार कर रही है।

हालांकि उम्र को लेकर उठ रहे सवालों पर मनोज तिवारी ने कहा कि किसी भी नेता की असली पहचान उसकी क्षमता और अनुभव से होती है, न कि उम्र से। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार आज भी पूरी ऊर्जा और मजबूती के साथ काम कर रहे हैं। वहीं विपक्ष के परिवारवाद के आरोपों पर पलटवार करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि जो दल खुद परिवारवाद की राजनीति करते रहे हैं, वही अब नैतिकता की बातें कर रहे हैं।

उन्होंने इसे जनता को गुमराह करने की कोशिश और सियासी ‘मक्कारी’ करार दिया। डेहरी में दिए गए इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। अब सभी की नजरें 10 अप्रैल पर टिकी हैं, जब मुख्यमंत्री पद को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है।