द फॉलोअप डेस्क
बिहार स्थित पश्चिमी चंपारण जिला के बेतिया से, मानवता को तार-तार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। दरअसल, यह मामला प्रेम-प्रसंग का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह घटना चंपारण जिले स्थित शिकारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। जहां, बीते गुरुवार की रात ग्रामीणों ने किशोरी को उसके पड़ोस के ही गांव के एक युवक के साथ पकड़ लिया। इसके बाद, भीड़ ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए दोनों की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। हालांकि, किशोरी किसी तरह वहां से बचकर भाग निकली, जबकि युवक को ग्रामीणों ने बिजली के खंभे से बांध दिया। फरवरी के महीना चल रहा है और ठंड अभी भी जनवरी के जैसा ही है।

इसके बावजूद भी भीड़ द्वारा युवक के कपड़े उतारकर रात भर उसे प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, शुक्रवार की सुबह अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए युवक का सिर मुंडा दिया गया और चेहरे पर कालिख पोतकर उसे पूरे गांव में घुमाया गया और साथ ही साथ पूरी प्रताड़ना का वीडियो बनाया गया। वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। जानकारी के अनुसार, जैसे ही यह वीडियो क्षेत्र में फैला, किशोरी इससे आहत होकर शुक्रवार को, दोपहर करीब 3 बजे जब घर पर माता-पिता नहीं थे, तो किशोरी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
.jpeg)
शाम को जब पिता घर लौटे, तो बेटी का शव फंदे से लटकते देखा। इस खबर को सुनते ही किशोरी की मां को दिल का दौरा पड़ा, जिन्हें तुरंत बेतिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, किशोरी की मां की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, किशोरी के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी घर में सो रही थी। उसे साजिश के तहत बुलाकर फंसाया गया और फिर उसकी जान ली गई।