logo

दुमका : छात्रों ने टीचर और 2 स्टाफ को पेड़ से बांधा, इस वजह से कर दी जमकर पिटाई

dumka_teacher.jpg

दुमका:
झारखंड (Jharkhand) में दुमका से टीचर को पेड़ में बांधकर मारने का मामला सामने आया है। यहां सरकारी स्कूल के छात्रों ने अपने टीचर और स्कूल के 2 स्टाफ को पेड़ से बांधकर उनकी पिटाई की। छात्रों का आरोप है कि प्रैक्टिकल में कम नंबर आने की वजह (low marks in practical) से फेल हो गए। इस बात से नाराज छात्रों ने टीचर, क्लर्क और स्कूल के चपरासी को प्लास्टिक की मोटी रस्सी से बांध दिया (tied with a thick rope) और उनकी पिटाई की। टीचर को पेड़ से बांधने और पीटने के पूरी घटना को छात्रों ने फेसबुक पर लाइव (Facebook Live) कर किया।


नौवीं कक्षा में फेल होने से गुस्साए छात्र
मामला दुमका के गोपीकांदर के अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय का  है। जहां 9वीं कक्षा में फेल होने से गुस्साए छात्र सोमवार को ग्रुप बनाकर स्कूल की टीचर कुमार सुमन और क्लर्क सोनेराम चौड़े के पास पहुंचे और प्रैक्टिकल में दिए गए नंबर की पूछताछ करने लगे। साथ ही पेपर दिखाए जाने की जिद करने लगे। पेपर दिखाने से इंकार किए जाने पर छात्र बेकाबू हो गए और दोनों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। उस वक्त मौके पर स्कूल के चपरासी अचन्तु मल्लिक भी मौजूद थे। गुस्साए छात्रों ने इन तीनों को स्कूल परिसर के एक आम के पेड़ से बांध दिया और पिटाई की। छात्रों का आरोप है कि जानबूझकर कम नंबर दिए गए हैं। बाद में टीचर की रिक्वेस्ट पर छात्रों ने उन्हें छोड़ दिया।

दोषी छात्रों के खिलाफ होगी कार्रवाई
जारी वीडियो में छात्र बोलते नजर आ रहे है कि हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। इसे लाइव करो। इस वीडियो को वायरल करो। वीडियो सामने आने के बाद डीडीसी ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। डीडीसी ने कहा कि कारण कुछ भी हो लेकिन शिक्षक और अन्य लोगों की पिटाई करने का मामला गंभीर है। उन्होंने कहा कि इसमें दोषी छात्रों को चिन्हित किया जा रहा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।