द फॉलोअप डेस्क
सारण जिले से हत्या का एक मामला सामने आया है, जहां पहलेजा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरिका में एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बीती रात की है जब एक शिक्षक ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तुरंत परिजनों की मदद से पीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।.jpeg)
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक शिक्षक की पहचान खरिका निवासी पन्ना लाल सिंह के 48 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार सिंह उर्फ सनोज सिंह के रूप में की गई है। वह गांव में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते थे। पुलिस के अनुसार, रात करीब 9 बजे जब वह ट्यूशन पढ़ाकर बाइक से घर लौट रहे थे, इसी दौरान घर के पास ही बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। 
वहीं मृतक के पिता ने पुलिस को जानकारी दी कि उनके बेटे का गांव के ही एक व्यक्ति से करीब तीन लाख रुपये के लेनदेन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। वहीं पुलिस को प्राथमिक जांच में यह आपसी रंजिश का मामला लग रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलु से इसकी जांच करने में जुटी हुई है। .jpg)
सूचना मिलने पर पहुंचे सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ। कुमार आशीष तथा पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सोनपुर एवं पहलेजा थानाध्यक्ष भी मौके पर मौजूद रहे। एसएसपी ने अपराध के शीघ्र उद्भेदन और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
वहीं सारण एसएसपी डॉ। कुमार आशीष ने कहा कि हत्या में शामिल अपराधियों की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस हिरासत में होंगे।