logo

परिणाम के बाद तेज प्रताप का भावुक पोस्ट, कहा- यह जयचंदों की करारी हार है 

tejpratap7.jpg

पटना
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक भावुक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने अपनी हार को राजनीति का अंत नहीं, बल्कि “जयचंदों की करारी हार” बताया।
तेज प्रताप ने लिखा, “यह जयचंदों की करारी हार है। हमने पहले ही कहा था कि इस चुनाव के बाद बिहार से कांग्रेस खत्म हो जाएगी, और आज साफ दिख गया। मैं हारकर भी जीता हूँ, क्योंकि मेरे साथ जनता का प्रेम और विश्वास खड़ा है। लेकिन कड़वी सच्चाई यह है कि इन जयचंदों ने RJD को अंदर से कमजोर कर दिया, इसी वजह से आज तेजस्वी ‘फेलस्वी’ हो गया।”


उन्होंने पार्टी के अंदरूनी मतभेदों पर हमला करते हुए कहा, “जिन्होंने अपनी कुर्सी बचाने के लिए अपने ही घर को आग लगा दी— इतिहास उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। जनता ही सबसे बड़ा फैसला करती है, और मैं उसका सम्मान करता हूँ।” तेज प्रताप ने आगे लिखा कि जीत-हार से ज्यादा महत्वपूर्ण इरादा और प्रयास होते हैं। “महुआ की जनता से मैंने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की कोशिश जारी रखूँगा— चाहे मैं विधायक रहूँ या नहीं। मेरे दरवाज़े हमेशा खुले हैं।”
उन्होंने NDA की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “बिहार ने सुशासन की सरकार चुनी है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की रणनीति और मेहनत का परिणाम है। NDA की एकजुटता ने यह जीत सुनिश्चित की।”
तेज प्रताप ने युवाओं, महिलाओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा, “आपका प्यार मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। जनता की आवाज़ बनकर हम और मजबूती से लौटेंगे।”


 

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi Bihar।atest News Update bihar election