द फॉलोअप डेस्क
बिहार में मंगलवार को तेज प्रताप यादव ने अहम बैठक बुलाई थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि सबसे पहले केंद्र सरकार को बिहार के विकास पर ध्यान देना चाहिए, ताकि राज्य का विकास हो सके और नंबर बन सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने की जरूरत है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि बिहार की जनता अब सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि विकास देखना चाहती है। आगे उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों, युवाओं और गरीबों के हित में ठोस कदम उठाने की जरूरत है। अगर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम करें तो बिहार तेजी से आगे बढ़ सकता है।

बैठक में सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाये जाने को लेकर जब सवाल पूछा गया तो इस पर तेज प्रताप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर वो राज्य के मुख्यमंत्री बनते हैं तो उन्हें खुशी होगी। हालांकि, आगे उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहे कोई भी नेता बने, उनकी पहली प्राथमिकता राज्य का विकास होना चाहिए। तेज प्रताप ने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन राज्य के विकास के मुद्दे पर सभी दलों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति के लिए सकारात्मक सोच और बेहतर नीतियों की जरूरत है। उन्होंने राज्य के युवाओं को भी सराहा और कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अगर कोई कमी है तो वो है अवसर की। उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहा है। अगर उन्हें अपने राज्य में ही पर्याप्त अवसर मिलेगा तो पलायन की जरूरत नहीं पड़ेगी।